यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में ओज़ोन दिवस पर जागरूकता सम्पन्न
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय, मगरलोड के *इको क्लब समिति* द्वारा प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरूलकर के मार्गदर्शन में 16 सितम्बर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय ओज़ोन दिवस” के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ओज़ोन परत के महत्व तथा उसके संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विषय पर अपने-अपने विचार रखे।
डॉ. रमा चन्द्राकर (सहायक प्राध्यापक, रसायन शास्त्र) ने ओज़ोन परत की रासायनिक संरचना, उसके क्षय के कारणों और मानव जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि क्लोरोफ्लोरोकार्बन जैसी गैसें किस प्रकार ओज़ोन परत को क्षति पहुँचाती हैं। सुश्री निरुपा साहू (सहायक प्राध्यापक, भौतिकी) ने वायुमंडल की विभिन्न परतों का परिचय कराते हुए ओज़ोन परत की विशेष भूमिका स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाती है और जीवन के अस्तित्व के लिए अनिवार्य है।
डॉ. टामन लाल साहू (सहायक प्राध्यापक, वनस्पति शास्त्र) ने ओज़ोन परत के क्षय का वनस्पतियों, कृषि उत्पादन और जैव विविधता पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
अंत में डॉ. सुशीला साहू (सहायक प्राध्यापक, अंग्रेज़ी) ने ओज़ोन दिवस के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संगठनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार से सहायक प्राध्यापक डॉ. यशोदा साहू, दीपक कश्यप, डॉ.विनोद कुमार, नीरज साहू, सुषमा टंडन, अनीता साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की और प्रश्नोत्तर के माध्यम से विषय को गहराई से समझने का प्रयास किया।
Author: Toman lal Sinha
Editor In Chief




