chhattisgarh samay news

छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंग-बिरंगी छटा के साथ नशा मुक्ति का संदेश NSS शिविर का प्रेरक तृतीय दिवस 

छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंग-बिरंगी छटा के साथ नशा मुक्ति का संदेश NSS शिविर का प्रेरक तृतीय दिवस 

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड की प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सतत भारत के लिए सशक्त युवा एवं नशा मुक्ति के लिए युवा थीम पर संचालित सप्त दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस की गतिविधियाँ उत्साह और सीख से परिपूर्ण रहीं।

दिन की शुरुआत योगाभ्यास सत्र से हुई, जिसमें श्री टोमन लाल साहू ने स्वयंसेवकों को विभिन्न प्रकार के योगासन, व्यायाम एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने स्वस्थ शरीर और संतुलित मन के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।

इसके पश्चात आयोजित बौद्धिक परिचर्चा में पुलिस चौकी करेली बड़ी से आए प्रधान आरक्षक श्री राधेश्याम बंजारे एवं पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि समय के साथ साइबर अपराधियों के तरीके बदल रहे हैं। बैंक, बिजली विभाग, टेलीफोन एक्सचेंज या सरकारी अधिकारी बनकर कॉल/मैसेज करने वाले लोगों को कोई भी निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी।

उन्होंने चेतावनी दी कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने वाला हर व्यक्ति साइबर ठगों के निशाने पर है।

सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी गई फर्जी फ्रेंड रिक्वेस्ट के जरिए ठग व्यक्तिगत जानकारी जुटाते हैं।

इसके बाद वे निजी तस्वीरों एवं बैंक खातों की जानकारी का दुरुपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।

पुलिस टीम ने सभी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एवं बैंकिंग एप्स को सुरक्षित रखने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने तथा अपनी निजी जानकारी किसी भी अजनबी से साझा न करने की अपील की।

सांध्यकालीन सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को लोकमय बना दिया। नृत्य, नाटक एवं गीत-संगीत की शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की गई तथा नशामुक्त समाज निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

जनमानस ने पूरे उत्साह से कार्यक्रम का आनंद लिया और बच्चों को भरपूर आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर ग्राम सरपंच श्री केवल राम वर्मा, उपसरपंच श्री योगेश्वर वर्मा, साहू समाज अध्यक्ष श्री टेपराम साहू , समस्त पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमा चंद्राकर, सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुशीला साहू तथा 70 स्वयंसेवक सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज