chhattisgarh samay news

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल भैंसमुंडी में ‘ मैं हूँ गुल्लक मिशन’ का भव्य शुभारंभ

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल भैंसमुंडी में ‘ मैं हूँ गुल्लक मिशन’ का भव्य शुभारंभ

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, भैंसमुंडी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एक अभिनव और प्रेरणादायक पहल ‘ मैं हूं गुल्लक मिशन’ की शुरुआत की गई। इस मिशन के अंतर्गत विद्यालय के सभी 1000 विद्यार्थियों को गुल्लक प्रदान की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचत की आदत, आर्थिक अनुशासन तथा नैतिक संस्कारों का विकास करना है।

आज के उपभोक्तावादी दौर में बच्चों को छोटी उम्र से ही धन के सही उपयोग, संयम और भविष्य की योजना बनाने की सीख देना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी आवश्यकता को समझते हुए गुल्लक मिशन की परिकल्पना की गई, जिससे विद्यार्थी प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी बचत कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें। यह पहल केवल पैसे बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से बच्चों में मेहनत का मूल्य, धैर्य, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना जैसे गुणों का भी विकास किया जा रहा है।

इस प्रेरणादायक और सामाजिक सरोकार से जुड़े मिशन के प्रणेता तुमनचंद साहू एवं रंजीता साहू हैं। दोनों के संयुक्त प्रयास से यह मिशन विद्यालय तक सीमित न रहकर समाज में भी एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। उनका मानना है कि जब बच्चे बचत के महत्व को समझेंगे, तभी वे भविष्य में आर्थिक रूप से सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बन सकेंगे।

विद्यालय परिवार ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के जीवन में स्थायी परिवर्तन लाने वाला कदम बताया। शिक्षकों ने बच्चों को गुल्लक के सही उपयोग, नियमित बचत तथा इसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों में भी इस मिशन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इसे अपनाने का संकल्प लिया।

गुल्लक मिशन न केवल एक योजना है, बल्कि यह संस्कार, शिक्षा और समाज निर्माण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। यह पहल आने वाले समय में अन्य विद्यालयों के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण साबित होगी।

आभार संदेश में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, भैंसमुंडी की ओर से गुल्लक मिशन जैसी प्रेरणादायक पहल के लिए  तुमनचंद साहू के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ।

यह मिशन विद्यार्थियों में बचत की आदत, आर्थिक अनुशासन और नैतिक संस्कारों के विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।आपकी दूरदृष्टि, सामाजिक संवेदनशीलता और बच्चों के भविष्य के प्रति समर्पण ने हमारे विद्यालय के 1000 विद्यार्थियों को एक सकारात्मक संदेश दिया है। यह पहल न केवल वर्तमान को सुदृढ़ करती है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाने की मजबूत नींव रखती है।

विद्यालय परिवार आपके इस अनुकरणीय योगदान के लिए कृतज्ञ है और आशा करता है कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रयासों से समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इस कार्यक्रम में प्राचार्य पी. एस. दीवान पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, भैंसमुंडी का विशेष योगदान रहा 

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज