सामुदायिक पुलिसिंग को मिली मजबूती ग्राम अरौद में महिला कमांडो का गठन,धमतरी पुलिस द्वारा सुरक्षा सामग्री का वितरण
महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षित ग्राम की ओर धमतरी पुलिस की पहल थाना अर्जुनी द्वारा आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम
ग्रामीण सुरक्षा में महिलाओं की बढ़ी भागीदारी अरौद में महिला कमांडो को थाना अर्जुनी द्वारा किया गया सम्मानित
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना अर्जुनी द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम अरौद लीलर में महिला सुरक्षा एवं सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत अरौद में ग्रामीणों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं ग्राम स्तर पर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
इस दौरान ग्रामीणों को पुलिस-जन सहयोग की महत्ता बताते हुए महिलाओं की सुरक्षा, आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी, तथा किसी भी संदिग्ध घटना की त्वरित सूचना पुलिस को देने के संबंध में समझाइश दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना एवं सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम अरौद में महिला कमांडो का गठन किया गया। गठित महिला कमांडो को थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा टोपी, सिटी (व्हिसल), पहचान पत्र (आई-कार्ड) एवं साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़े एवं वे गांव की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
साथ ही ग्रामीणों को गांव में असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने, अवैध शराब विक्रय करने वालों की सूचना थाना अर्जुनी को देने, तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के संबंध में भी समझाइश दी गई।
इस अवसर पर ग्रामवासियों, विशेषकर महिलाओं को महिला सुरक्षा, नशामुक्त समाज, सायबर फ्रॉड से बचाव, गुड टच–बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी एवं समझाइश दी गई। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा यह भी बताया की महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और ग्राम स्तर पर कानून व्यवस्था, सामाजिक जागरूकता एवं सुरक्षा बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला कमांडो पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच सेतु बनकर कार्य करेंगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर पुलिस को उपलब्ध कराएंगी।
धमतरी पुलिस द्वारा इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस जन सहयोग, महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षित वातावरण निर्माण को नई मजबूती मिली है।
भविष्य में भी सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
Author: Toman lal Sinha
Editor In Chief




