chhattisgarh samay news

बन गया फर्जी CID अधिकारी, धौंस जमाने फर्जी आईडी कार्ड व स्कार्पियो में “नेशनल क्राइम कंट्रोल” का बोर्ड वाले आरोपी को धमतरी पुलिस ने किया तत्काल गिरफ्तार

 बन गया फर्जी CID अधिकारी, धौंस जमाने फर्जी आईडी कार्ड व स्कार्पियो में “नेशनल क्राइम कंट्रोल” का बोर्ड वाले आरोपी को धमतरी पुलिस ने किया तत्काल गिरफ्तार

टोल टैक्स से बचने एवं अवैध लाभ लेने हेतु कर रहा था दुरुपयोग,आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा जिले में असामाजिक तत्वों पर सतत एवं सघन निगरानी रखी जा रही है। कानून का दुरुपयोग कर आमजन को भ्रमित करने अथवा अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्यवाही निरंतर सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 21.02.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति अपने स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 05 AU 6136 में “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का लोगो एवं “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगाकर खड़ा है तथा स्वयं को CID अधिकारी बताकर आमजन को धौंस दिखा रहा है।

सूचना पर तत्काल पुलिस टीम रवाना हुई। विधि अनुसार गवाहों को नोटिस तामील कर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। वाहन के डैशबोर्ड पर उक्त संगठन का लोगो एवं पदनाम प्रदर्शित बोर्ड पाया गया। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी, पिता सगराम नरेटी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.) बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पास दो आईडी कार्ड प्रस्तुत किए, जिनमें“CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” एवं “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” अंकित था तथा स्वयं को “National Officer” दर्शाया गया था। दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु विधिवत नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई वैधानिक नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण या अधिकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका।

आरोपी द्वारा स्वीकार किया गया कि उसने सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से उक्त फर्जी आईडी कार्ड बनवाए तथा समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाई। आरोपी ने यह भी बताया कि वह इन कार्डों एवं बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने एवं अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने हेतु करता था।

जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 02 नग फर्जी आईडी कार्ड01 नग “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड 01 नग महिन्द्रा स्कार्पियो वाहन CG 05 AU 6136 , 01 नग iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित) 01 नग सैमसंग M12 मोबाइल (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित)को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।

प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी एवं जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करना एवं अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास करना पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को दिनांक 21.02.2026 को 22:00 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026 धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

 आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

आरोपी का नाम टिकेश्वर नरेटी, पिता सगराम नरेटी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)

धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाने या संदेहास्पद गतिविधि करने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। कानून का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज