chhattisgarh samay news

होली पर्व के मद्देनज़र धमतरी पुलिस सतर्क , सभी थानाएवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक संपन्न

होली पर्व के मद्देनज़र धमतरी पुलिस सतर्क , सभी थानाएवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक संपन्न

जनप्रतिनिधि, राजस्व अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं होली दहन समितियों की उपस्थिति में सौहार्द्रपूर्ण त्योहार मनाने पर जोर

अफवाहों पर सख्ती, हुड़दंगियों पर कड़ी कार्यवाही एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – धमतरी पुलिस द्वारा जिले में होली पर्व को शांति, सौहार्द्र एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने हेतु समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) द्वारा अपने-अपने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठकों में जिले के जनप्रतिनिधि, राजस्व विभाग के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न होली दहन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। 

सभी से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश 01. होली दहन स्थलों का सत्यापन सभी होली दहन स्थलों का पूर्व सत्यापन कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत तारों, ज्वलनशील पदार्थों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

02.अफवाहों पर नियंत्रण – सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह की पुष्टि किए बिना उसे साझा न करें।

03. असामाजिक तत्वों पर निगरानी जिले के गुंडा व निगरानी बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक होने पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

04. शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्यवाही – होली के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही एवं विशेष चेकिंग अभियान चलाने की जानकारी दी गई।

05. डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए की उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशानुसार निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि स्तर (साउंड लिमिट) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु कहा गया। वर्तमान में संचालित बोर्ड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए विशेष रूप से रात्रि के समय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में संयम बरतने एवं विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

नियमों के उल्लंघन की स्थिति में डीजे/ध्वनि उपकरणों की जब्ती कर संबंधित आयोजकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही किए जाने की स्पष्ट चेतावनी दी गई।

06.महिला सुरक्षा एवं पेट्रोलिंग – महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

आपसी सौहार्द्र बनाए रखने की अपील – सभी समुदायों से पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने, जबरन रंग न लगाने एवं किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की अपील की गई।

पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्यवाही की जाएगी। 

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना/चौकी अथवा डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम 100 मोंबईल नंबर 9479192299 पर दें।

धमतरी पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि “आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ होली पर्व मनाएं, ताकि यह पर्व खुशियों और रंगों का संदेश लेकर आए।”

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज