रामनवमी शोभायात्रा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पूर्णतः निर्विघ्न संपन्न,धमतरी पुलिस की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था
ड्रोन निगरानी, सतत पेट्रोलिंग, फिक्स पिकेट एवं प्रभावी फ्लैग मार्च के समन्वित प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था रही पूरी तरह चाक-चौबंद, कड़ी एवं प्रभावी
असामाजिक तत्वों पर की गई पूर्व प्रभावी कार्यवाहियों का व्यापक असर, पूरे जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था का बना आदर्श माहौल
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – रामनवमी पर्व के अवसर पर धमतरी जिले में निकाली गई भव्य शोभायात्रा कड़े एवं सुदृढ़ सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे आमजन ने सुरक्षित वातावरण में उत्सव का आनंद लिया।
रामनवमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई। इसके अंतर्गत निरंतर पेट्रोलिंग, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में फिक्स पिकेट की स्थापना तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। संकरी गलियों एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से संपूर्ण शोभायात्रा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनी रही, वहीं यातायात भी सुचारू एवं नियंत्रित रहा।
आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की गई। पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग करते हुए जिले के तीनों अनुभागों के अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाते रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनी रही।
उल्लेखनीय है कि रामनवमी पर्व के पूर्व धमतरी पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधक कार्यवाही की गई।
गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों पर की गई इस कार्यवाही का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित कर कानून व्यवस्था के प्रति सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया गया, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई।
त्योहार के दौरान पुलिस द्वारा सतत पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। फिक्स पिकेट में तैनात पुलिस बल द्वारा क्षेत्रवार सतर्कता बनाए रखने के परिणामस्वरूप जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित नहीं हुई।
यह उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस द्वारा प्रत्येक त्योहार के पूर्व प्रभावी सुरक्षा रणनीति तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाता है। इसी का परिणाम है कि विगत एक वर्ष में जिले के सभी प्रमुख पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं।
धमतरी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
Author: Toman lal Sinha
Editor In Chief




