chhattisgarh samay news

नशे में वाहन चलाने वालों हो जाएं सावधान- धमतरी पुलिस का सख्त अभियान जारी

नशे में वाहन चलाने वालों हो जाएं सावधान- धमतरी पुलिस का सख्त अभियान जारी

ब्रिथ एनालाइजर से सघन चेकिंग, वाहन जप्त कर दोषियों को न्यायालय में पेश कर दिलाई जा रही सजा

तीन माह में 155 प्रकरण दर्ज, 15.94 लाख से अधिक समन शुल्क वसूल

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – धमतरी पुलिस की यातायात शाखा द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष सघन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर एवं आसपास के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां नियमित रूप से चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं, साथ ही आकस्मिक जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के दौरान ब्रिथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। जांच में नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के वाहनों को तत्काल जप्त कर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही ऐसे चालकों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर नियमानुसार दंडित कराया जा रहा है, जिससे सड़क पर अनुशासन कायम रखा जा सके।

दिनांक 01/01/2026 से 29/03/2026 तक की गई कार्यवाही के दौरान कुल 155 प्रकरण दर्ज कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। इन प्रकरणों में मोटरसाइकिल के 98, ई-रिक्शा/ऑटो के 09, कार के 12, पिकअप के 18, मेटाडोर के 04, ट्रैक्टर के 07 तथा ट्रक/हाइवा के 07 प्रकरण सम्मिलित हैं। उक्त कार्यवाही के अंतर्गत कुल 15,94,700 रुपए समन शुल्क के रूप में वसूल किए गए हैं। 

पुलिस द्वारा विशेष रूप से शाम एवं रात्रि के समय स्थान बदल-बदल कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त कम उम्र में वाहन चलाने वाले, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन करने वाले तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही की जा रही है। 

धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कभी भी नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।”सुरक्षित रहें – सतर्क रहें – नियमों का पालन करें”

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज