यशवंत राव महाविद्यालय के इको क्लब ने लिया वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड के महाविद्यालय परिसर में आज प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ‘इको क्लब’ द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देश तथा इको क्लब प्रभारी कौशलेश कुमार ध्रुव के सफल संचालन में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बिंदु न केवल पर्यावरण जागरूकता था, बल्कि पुराने वृक्षों की उत्तरजीविता सुनिश्चित करना भी रहा। प्राचार्य डॉक्टर प्रभा वेलुरकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रकृति हम सबके जीवन में अहम भूमिका निभाती है अतः हम सभी को मिलकर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का दायित्व निभाना होगा और प्रत्येक मनुष्य को पर्यावरण को संतुलित बनाने में अपनी सहभागिता प्रदान करनी होगी।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे कौशलेश कुमार ध्रुव सहायक प्राध्यापक भूगोल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक महाविद्यालय के विभिन्न हिस्सों में पौधारोपण किया और पौधों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा घेरे व नियमित सिंचाई की योजना बनाई। डॉ यशोदा साहू सहायक प्राध्यापक इतिहास ने छात्र-छात्राओं को सकोरा निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में उनके लिए दाना- पानी की समुचित व्यवस्था हम सभी को मिलकर करनी चाहिए। सुश्री निरूपा साहू सहायक प्राध्यापक भौतिकी ने कहा कि वृक्षों पर इको फ्रेंडली कृत्रिम घोसलों का निर्माण कर हमें पक्षियों के लिए अनुकूलित वातावरण तैयार करने का प्रयास करना चाहिए।
इस हरित अभियान में महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा। आयोजन के दौरान डॉ. घनश्याम देवांगन, डॉ. यशोदा साहू, निरूपा साहू, दिव्या देवांगन, रमा चंद्राकर, दीपक कश्यप, अनीता साहू,डॉ. विनोद कुमार, सुषमा टंडन, डॉ. सुशीला साहू, नीरज कुमार, दानेश्वर प्रसाद और वर्षा यादव सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि वे न केवल परिसर को हरा-भरा रखेंगे, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी फैलाएंगे।
Author: Toman lal Sinha
Editor In Chief




