chhattisgarh samay news

भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से नगदी एवं मोबाइल लूट , नाबालिक लड़के सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से नगदी एवं मोबाइल लूट , नाबालिक लड़के सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

एसपी धमतरी के निर्देश पर भखारा पुलिस की बड़ी कार्यवाही  फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश जारी

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – थाना भखारा क्षेत्र अंतर्गत भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से चाकू दिखाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के विरुद्ध धमतरी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25.05.2026 को प्रार्थी अपने बड़े भाई के कहने पर शराब एवं डीजल खरीदने हेतु 3000 रुपये लेकर भखारा आया था। रात्रि लगभग 08:00 बजे जब प्रार्थी भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, तब वहां पहले से मौजूद आरोपीगण एवं विधि से संघर्षरत बालक ने उसे रोककर पैसों की मांग की।

प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू को प्रार्थी के गले में अड़ा दिया। वहीं आरोपी लोकेश पटेल एवं विधि से संघर्षरत बालक ने प्रार्थी को पकड़ लिया तथा आरोपी समीर निर्मलकर ने मारपीट कर प्रार्थी के पास रखे 3000 रुपये एवं रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 56/2026 धारा 309(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस टीम द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी-:अंशुमन साहू पिता ईश्वर साहू उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा,लोकेश पटेल पिता स्व. छबीलाल पटेल उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने घटना कारित करना स्वीकार किया।

आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू एवं नगदी रकम जप्त की गई है। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है तथा उसकी गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उसे माननीय किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।

आरोपी का नाम (01) अंशुमन साहू पिता ईश्वर साहू उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा,थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)(02) लोकेश पटेल पिता स्व. छबीलाल पटेल उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)तथा एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है 

धमतरी पुलिस द्वारा जिले में लूट, चोरी, चाकूबाजी एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज