chhattisgarh samay news

एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी का किया सघन निरीक्षण, पुलिसिंग की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी का किया सघन निरीक्षण, पुलिसिंग की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

थाना एवं चौकी परिसर, सीसीटीएनएस, शासकीय आवास एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वच्छता, अनुशासन, बेसिक पुलिसिंग एवं विजुअल पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर

जनोन्मुखी, तकनीक-सक्षम एवं प्रभावी पुलिसिंग को बढ़ावा देने एसपी भावना पांडेय का निरीक्षण, अधिकारियों- कर्मचारियों को जवाबदेही, कार्यकुशलता एवं सक्रिय पुलिसिंग के दिए निर्देश

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) द्वारा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, अनुशासित एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से थाना एवं चौकी स्तर की व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। 

इसी क्रम में आज थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी का विस्तृत निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी के परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, मालखाना, बैरक, आगंतुक कक्ष, शस्त्रागार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना एवं चौकी में स्थापित सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) प्रणाली, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट नेटवर्क एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता एवं रखरखाव का गहन निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीसीटीएनएस में समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डाटा प्रविष्टि, अभिलेखों के नियमित अद्यतन, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान बेसिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई, नियमित गश्त, बीट प्रणाली को सक्रिय रखना, फरार एवं वारंटियों की धरपकड़, अपराधियों पर सतत निगरानी तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इसके साथ ही उन्होंने विजुअल पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित एवं प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हो तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शासकीय आवासों का भी निरीक्षण किया। आवासों की साफ-सफाई, रखरखाव, मूलभूत सुविधाओं एवं परिसर की स्वच्छता का जायजा लेते हुए नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें अनुशासन, समयबद्ध कार्य निष्पादन, संवेदनशील व्यवहार, जनसुनवाई में तत्परता, पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ आधारभूत व्यवस्थाएं, तकनीकी दक्षता, बेसिक पुलिसिंग, विजुअल पुलिसिंग एवं अनुशासित कार्यप्रणाली ही प्रभावी, संवेदनशील एवं भरोसेमंद पुलिसिंग की पहचान है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक प्रमोद अमलतास, चौकी प्रभारी करेली बड़ी सउनि.राधेश्याम बंजारे तथा थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज