chhattisgarh samay news

एसपी धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस यातायात द्वारा विद्यार्थियों को यातायात,साइबर सुरक्षा,नशामुक्ति एवं नए कानूनों की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

एसपी धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस यातायात द्वारा विद्यार्थियों को यातायात,साइबर सुरक्षा,नशामुक्ति एवं नए कानूनों की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

🔷 मेनोनाइट हिन्दी मिडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान, सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश

🔷 युवाओं से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने एवं साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशानुसार जिले में आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक करने हेतु यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में लगातार जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में कल शनिवार को मेनोनाइट हिन्दी मिडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी में धमतरी पुलिस द्वारा एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के संबंध में विस्तार से समझाया गया। 

साथ ही बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज तीनों के लिए घातक है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों एवं परिजनों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, सोशल मीडिया ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध से बचाव के सरल उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवंwww.cybercrime.gov.in⁠� पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) सहित नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख जानकारियां सरल भाषा में दी गईं, ताकि युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया गया। सभी विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया।

धमतरी पुलिस द्वारा इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एस. मसीह, समस्त शिक्षकगण, यातायात प्रभारी उनि. खेमराज साहू एवं यातायात स्टाफ प्रआर.पेमन साहू,चालक योगेश गौतम तथा विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस द्वारा दी गई यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं नए कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरतापूर्वक सुना और जागरूकता अभियान का लाभ लिया।

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज