कोतवाली, करेलीबड़ी और सिहावा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, फड़ से 44,890 रुपये नगद व ताश की पत्तियां जब्त, मिशन ग्राउंड में लगा था सबसे बड़ा दांव
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के कड़े निर्देश पर सिटी कोतवाली, चौकी करेलीबड़ी और थाना सिहावा पुलिस की टीमों ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 15 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 44 हजार 890 रुपये नगद और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मिशन ग्राउंड में चल रहा था हाई-प्रोफाइल दांव
पहली और सबसे बड़ी कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के मिशन ग्राउंड में हुई। पुलिस टीम ने यहां दबिश देकर शांति कॉलोनी निवासी भावेश जैन (पिता नेमीचंद जैन) और रत्नाबांधा निवासी कैलाश केशवानी (पिता स्व. चुन्नीलाल केशवानी) को जुआ खेलते पकड़ा। इनके पास से सर्वाधिक 41,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद किए गए।
ग्राम भेण्ड्री और सांकरा में भी पुलिस ने की घेराबंदी
दूसरी कार्रवाई चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने ग्राम भेण्ड्री में जैतखाम के सामने पीपल पेड़ के नीचे की। यहां से पुलिस ने स्थानीय निवासी ज्ञानेश्वर मांड़े, राकेश निषाद, रूपेश निषाद, चंद्रशेखर सिन्हा और टिकेश निषाद को पकड़ा, जिनके पास से 1,150 रुपये नगद व ताश जब्त हुए।
वहीं, तीसरी कार्रवाई थाना सिहावा क्षेत्र के ग्राम सांकरा (कोड़मुड़पारा) में गौठान के पीछे की गई। पुलिस ने यहां दांव लगा रहे गिरधर निषाद, द्वारिका साहू, नौहर लाल साहू, ईश्वर तारक, मोहन ओटी, अश्वन साहू, संतोष नाथ और राजू साहू को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2,540 रुपये नगद व ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
अवैध कारोबारियों को एसपी की दो-टूक चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा या किसी भी तरह के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध या अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।







