मन की शांति व एकाग्रता योग ध्यान से ही संभव – राजयोगिनी अखिलेश दीदी
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – विकासखंड मगरलोड के ग्राम खैरझिटी में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल खैरझिटी में योग ध्यान का अभ्यास कराया गया इस हेतु प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र मगरलोड की संचालिका राजयोगिनी बी के अखिलेश दीदी द्वारा विद्यालय में उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं व पूरे स्टाफ को अध्यात्मिक संदेश देते हुए मन की शांति व एकाग्रता पर सारगर्भित व्याख्यान दिया गया। दीदी जी ने कहा कि आज दुनिया की भौतिक चकाचौंध में लोगों का मन बहुत ज्यादा विचलित रहता है , छात्र-छात्राएं भी एकाग्रता के साथ पढ़ाई नहीं कर पाते हैं । ऐसी स्थिति में राजयोग व ध्यान के द्वारा मन को बड़ी सरलता से एकाग्र किया जा सकता है । विशेष रूप से पढ़ाई कर रहे बच्चे जो परीक्षा को लेकर बहुत ज्यादा भय में रहते हैं उन्हें निश्चित रूप से अपने जीवन में योग ध्यान को यथासंभव अपनाना चाहिए । इससे मन में किसी प्रकार का तनाव नहीं रहता है और पढ़ाई में मन लगता है। उन्होंने कहा कि ” सफलता मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है ” इस स्वमान का नित्य प्रति अभ्यास करते हुए परीक्षा की तैयारी करने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। इसके अतिरिक्त परीक्षा की तैयारी हेतु महत्वपूर्ण टिप्स बताएं व अंत में राजयोग का अभ्यास कराये जिससे सभी ने मन में गहरी शांति व आनंद का अनुभव किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भौतिकता के चकाचौंध में बहक रहे विद्यार्थियों को योग व अध्यात्म के माध्यम से जीवन में सही दिशा प्रदान करना है। दीदी जी के साथ आए बी के नंदकुमार भाई (सेवानिवृत्त व्याख्याता) , बी के मनोज पटेल व बी आर सी सी धीरज देवांगन सर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया । कार्यक्रम में संस्था के सभी स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के व्याख्याता बलेंद्र साहू सर ने किया व प्राचार्य टी के साहू ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक व योग-ध्यान का कार्यक्रम विद्यालयों में समय-समय पर निश्चित रूप से आयोजित होते रहना चाहिए क्योंकि यह वर्तमान समय की मांग है ।
Author: Toman lal Sinha
Editor In Chief



