धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रामसगरी गार्डन में सट्टा लिखते आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार, नगदी व मोबाइल जब्त
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रामसगरी गार्डन में दबिश देकर सार्वजनिक स्थान पर सट्टा-पट्टी लिख रहे एक सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगदी और मोबाइल सहित हजारों रुपये का माल बरामद किया गया है
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामसगरी गार्डन के अंदर एक व्यक्ति बड़े पैमाने पर रुपए-पैसों का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस ने सट्टा लिख रहे आरोपी रघुवीर सिंह ठाकुर (36 वर्ष), पिता विजय सिंह ठाकुर, निवासी रामसागर पारा धमतरी को रंगे हाथों धर दबोचा।
15 हजार से अधिक का माल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टा-पट्टी, डॉट पेन, 2,250 रुपये नगद और सट्टा कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे 2 नग मोबाइल फोन (कीमत करीब 13,000 रुपये) बरामद किए हैं। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत 15,250 रुपये आंकी गई है।
भेजा गया जेल, एसपी ने की अपील
कोतवाली पुलिस ने आरोपी रघुवीर सिंह ठाकुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों और अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि आसपास ऐसी कोई भी संदिग्ध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







