स्कूटी की डिक्की में गांजा छिपाकर बेच रही महिला गिरफ्तार, धमतरी पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्यवाही
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मगरलोड पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम भैंसमुंडी में दबिश देकर स्कूटी से गांजा तस्करी और बिक्री कर रही एक महिला आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। महिला के पास से 740 ग्राम गांजा और नगदी सहित कुल 48,850 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर महिला आरक्षक के साथ दी दबिश
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त प्रहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में 19 अक्टूबर को थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुंडी में नहर नाली के पास एक महिला अपने घर के सामने स्कूटी में गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रही है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने महिला आरक्षक की उपस्थिति में मौके पर घेराबंदी कर संदेही महिला सीमा बेगम को पकड़ा।
स्कूटी की डिक्की से मिले जिपलॉक पाउच और गांजा
पुलिस द्वारा जब महिला की स्कूटी क्रमांक CG-05-M-3706 की बारीकी से तलाशी ली गई, तो डिक्की के भीतर सीट के नीचे छुपाकर रखा एक थैला बरामद हुआ। थैले की जांच करने पर उसमें खाकी टेप से लिपटा हुआ 740 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 37,000 रुपये) और बिक्री के लिए तैयार किए गए 45 नग जिपलॉक पॉलीथिन पाउच मिले। इसके अलावा पुलिस ने गांजा बिक्री की 1,850 रुपये नगद राशि भी जब्त की है।
आरोपी महिला भेजी गई जेल
मामले में गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान सीमा बेगम (36 वर्ष), पति अकील खान, निवासी वार्ड क्रमांक 09, ग्राम भैंसमुंडी के रूप में हुई है। मगरलोड पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(ख) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी: धमतरी पुलिस
धमतरी पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। इसके साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास होने वाली ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि एक नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके







