शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरलोड में कल सजेगा ऐतिहासिक मेला,भारत माता प्रतिमा का अनावरण और ‘ग्रेट एलुमनी मीट स्मृति परिसर’ का होगा भव्य लोकार्पण
• स्थापना के 60 गौरवशाली वर्ष: पूर्व छात्रों के सहयोग से निर्मित दो नए कॉम्प्लेक्स का खुलेगा द्वार
• वरिष्ठ समाजसेवी जुगलकिशोर अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि, क्षेत्र के दिग्गज सम्मलित होंगे समारोह में
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – शिक्षा के क्षेत्र में अंचल का गौरव रहे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरलोड में कल, 25 अक्टूबर 2026 (रविवार) को एक नया इतिहास रचने जा रहा है। विद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से भव्य ‘भारत माता प्रतिमा अनावरण‘ तथा पूर्व छात्रों के ऐतिहासिक योगदान से निर्मित ‘ग्रेट एलुमनी मीट स्मृति परिसर’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया है। इस गरिमामयी कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पुराने शिक्षकों और भूतपूर्व छात्रों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
अतीत की यादें और विकास की नई इबारत
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 26 अक्टूबर 2025 को विद्यालय की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने पर “साथी हाथ बढ़ाना” थीम के तहत वर्ष 1965 से 2025 तक के विद्यार्थियों का एक ऐतिहासिक महासम्मेलन आयोजित किया गया था। इस मिलन समारोह में देश-विदेश में पदस्थ पूर्व छात्रों ने अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए विद्यालय के विकास के लिए दिल खोलकर नकद राशि एवं आवश्यक सामग्रियां दान की थीं। प्राचार्य हेमंत कुमार दृढ़ाकर ने बताया कि पूर्व छात्रों से प्राप्त इसी जनसहयोग की राशि का सदुपयोग करते हुए विद्यालय परिसर में दो शानदार नए कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है, जिसे ‘ग्रेट एलुमनी मीट स्मृति परिसर‘ का नाम दिया गया है। कल इसी नवनिर्मित परिसर का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
दिग्गज जनप्रतिनिधि और समाजसेवियों का जुटेगा मेला
आयोजन समिति और व्याख्याता ए. आर. साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध वरिष्ठ नागरिक एवं समाजसेवी जुगलकिशोर अग्रवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष मंशा राम साहू करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेंद्र साहू एवं नगर पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष लिलेश सुरेश साहू उपस्थित रहेंगे।
इसके साथ ही अति विशिष्ट अतिथियों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवानंद गौतम, प्रधानपाठक वीरेंद्र कुमार साहू सहित नगर के समस्त पार्षदगण मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में विशेष रूप से विद्यालय के ही पूर्व छात्र रहे शांतनु पैकरा, राजेश अग्रवाल, श्रीमती वंदना राजेश्वर साहू, प्रदीप कुमार साहू, राजेंद्र दीवान, तुमनचंद साहू, राजेश चक्रधारी एवं कमलेश मारकंडे (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति) भी शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।
प्राचार्य ने की गरिमामयी उपस्थिति की अपील
विद्यालय के प्राचार्य हेमंत कुमार दृढ़ाकर एवं समस्त स्टाफ ने अंचल के सभी भूतपूर्व विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त सम्माननीय शिक्षकों, पालकों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे कल रविवार सुबह 11 बजे विद्यालय परिसर पहुंचकर इस ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण के साक्षी बनें।







