बुडेनी में नवीन धान उपार्जन केंद्र का भव्य शुभारंभ: तौल कांटे का पूजन कर की गई खरीदी की शुरुआत, अन्नदाताओं में खुशी की लहर
• जनपद पंचायत मगरलोड अध्यक्ष विरेन्द्र साहू रहे मुख्य अतिथि, कहा- स्थानीय स्तर पर केंद्र खुलने से बचेगा किसानों का समय और किराया
• विष्णुदेव साय सरकार की ‘कृषक उन्नति योजना’ से किसानों को मिल रहा सीधा आर्थिक संबल: विरेन्द्र साहू
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू किए गए नवीन धान उपार्जन केंद्र बुडेनी में रविवार को विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और तौल कांटे के पूजन के साथ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो गया। इस गरिमामय शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र साहू शामिल हुए। केंद्र के शुरू होने से बुडेनी सहित आसपास के गांवों के अन्नदाताओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
परिवहन और समय की बचत, किसानों को मिली बड़ी राहत
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विरेन्द्र साहू ने कहा कि बुडेनी में नवीन धान उपार्जन केंद्र का खुलना क्षेत्र के किसानों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। अब किसानों को अपनी मेहनत की उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्था होने से किसानों के समय, श्रम और परिवहन खर्च में बड़ी बचत होगी। उन्होंने आगे कहा कि धान खरीदी केंद्र केवल उपज बेचने का स्थान नहीं है, बल्कि यह किसानों के पसीने, उनके परिश्रम और उनकी आर्थिक समृद्धि का केंद्र है।
अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही साय सरकार
जनपद पंचायत अध्यक्ष विरेन्द्र अध्यक्ष साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र की उन्नति को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार द्वारा न केवल समर्थन मूल्य पर पारदर्शी तरीके से धान खरीदी की जा रही है, बल्कि ‘कृषक उन्नति योजना’ के माध्यम से अंतर की राशि बोनस के रूप में देकर किसानों को सीधा आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इससे किसानों की आय में वृद्धि हुई है और खेती-किसानी के प्रति उनका भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही भारी मौजूदगी
शुभारंभ के इस अवसर पर अतिथियों ने पहले धान की ढेरी का पूजन किया और किसान से धान लेकर खरीदी की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती मीना डेमू साहू, प्राधिकृत अधिकारी डेरेन साहू, ग्राम पंचायत बुडेनी के सरपंच खेमू साहू, रवि साहू, हृदयराम साहू, लालाराम साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समिति प्रबंधक, किसान और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







