स्मार्ट टीवी से स्मार्ट शिक्षा”: राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षिका रंजीता साहू का नागरिक अभिनंदन, मगरलोड शिशु मंदिर को सौंपी 168वीं स्मार्ट टीवी
शिक्षक दंपत्ति की अनूठी पहल, ग्रामीण एवं अर्ध शहरी क्षेत्रों स्कूलों में स्मार्ट टीवी देकर शिक्षा की अलख जगाने में निभा रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी प्रयोगों और उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका श्रीमती रंजीता साहू का सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर श्रीमती रंजीता साहू और उनके पति तुमनचंद साहू (साहू दंपति) द्वारा विद्यालय के बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए एक स्मार्ट टीवी भेंट की गई।धमतरी जिले के 168 स्कूलों तक पहुँची डिजिटल शिक्षण संसाधनों की कमी के कारण कोई भी बच्चा आधुनिक शिक्षा से वंचित न रहे, इस संकल्प के साथ साहू दंपति द्वारा “स्मार्ट टीवी से स्मार्ट शिक्षा” की एक अनूठी पहल लगातार चलाई जा रही है। जनसहभागिता के माध्यम से धमतरी जिले के विभिन्न ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के 167 विद्यालयों में पहले ही स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसी कड़ी में मगरलोड का सरस्वती शिशु मंदिर 168वाँ विद्यालय बना, जिसे यह आधुनिक संसाधन प्राप्त हुआ है।
दिख रहा है बदलाव
नवोदय और एकलव्य जैसी परीक्षाओं में चयन इस डिजिटल पहल का जमीन पर बड़ा असर देखने को मिल रहा है। स्मार्ट टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय आधारित डिजिटल सामग्री, शैक्षणिक वीडियो और दृश्य-व्य (ऑडियो-विजुअल) माध्यम से सीखने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है। कई स्कूलों में इसके जरिए ‘स्पोकन इंग्लिश’ का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे बच्चों का भाषा कौशल और आत्मविश्वास मजबूत हुआ है। शिक्षकों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने के कारण बच्चों की हाजिरी और सीखने की रुचि में भारी बढ़ोतरी हुई है। यही कारण है कि इस पहल से जुड़े कई स्कूलों के बच्चों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय जैसी देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं में हुआ है।
गरिमामयी उपस्थिति
आज के इस अभिनंदन सह टीवी वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यालय के प्राचार्य असवन्त कुमार ध्रुव, राधा कृष्ण बाल संस्कार समिति के सचिव कमलेश कुमार साहू, उपाध्यक्ष टामेश्वर ठाकुर, सदस्य लोमन यादव, पुनूराम साहू राज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, पालक, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने साहू दंपति के इस प्रेरणादायी सामाजिक प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की








