धमतरी पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, महुआ शराब और नगदी जब्त
टोमनलाल
धमतरी/मगरलोड – धमतरी पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशों के बाद मगरलोड पुलिस ने ग्राम कमार पारा मोहंदी में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से हाथ भट्ठी महुआ शराब बेचते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.5 लीटर कच्ची महुआ शराब और ₹3,000 नगद जब्त किए है
मुखबिर की सूचना पर पुलिस का छापा
थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम कमार पारा मोहंदी में कुछ लोग बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा।
आरोपियों और जब्ती का विवरण:
• मामला 01 (अपराध क्रमांक 214/26): पुलिस ने आरोपी शिव कुमार कमार (45 वर्ष, निवासी कमार पारा मोंहदी) को गिरफ्तार किया। इसके कब्जे से 4 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत ₹600) और शराब बिक्री की नगद रकम ₹1,000 जब्त की गई।
• मामला 02 (अपराध क्रमांक 215/26): अवैध शराब बेचने के आरोप में महिला आरोपी धनेश्वरी कमार (38 वर्ष, निवासी कमार पारा मोहंदी) को पकड़ा गया। इसके पास से 4.5 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत ₹675) और नगद ₹1,000 बरामद किए गए।
• मामला 03 (अपराध क्रमांक 216/26): तीसरे आरोपी छविलाल कमार (45 वर्ष, निवासी कमार पारा मोहंदी) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹600) और नगद ₹1,000 जब्त किए गए।
आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
मगरलोड पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत पृथक-पृथक तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल शराब और नगदी की कुल कीमत ₹4,875 आंकी गई है। पुलिस मामले की आगे की वैधानिक विवेचना कर रही है।
पुलिस की अपील: अवैध कारोबार की दें सूचना
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब की बिक्री, परिवहन, भंडारण या अन्य कोई भी संदिग्ध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा







