chhattisgarh samay news

यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय, मगरलोड में जोश और उमंग के साथ मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस

यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय, मगरलोड में जोश और उमंग के साथ मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय, मगरलोड में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर के मार्गदर्शन और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमा चंद्राकर के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस का भव्य आयोजन हुआ। 

एनएसएस के लक्ष्य गीत की मधुर और जोशपूर्ण प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। गीत की गूंज ने पूरे परिसर को सेवा और संकल्प की भावना से भर दिया।

इसके बाद स्वयंसेवक रोशनी, संदीप, तरेंद, वंदना, ममता, ज्योति, लोकेश्वरी, याचना, वंशिका और विद्यालक्ष्मी ने गीत, कविता, भाषण और नृत्य के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने छात्र-छात्राओं के मन में समाज सेवा के प्रति नया जोश और जिम्मेदारी का भाव जगाया।

प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर ने अपने उद्बोधन में बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त मंच है। समाज की छोटी-छोटी जरूरतों को समझना और उनके समाधान में हाथ बंटाना ही सच्ची देशभक्ति है। युवा अगर स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में आगे आएं तो भारत का भविष्य और उज्ज्वल होगा।

 डॉ. यशोदा साहू ने बताया कि एनएसएस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन जीने का सलीका सिखाने वाला परिवार है। यहाँ हर स्वयंसेवक को यह समझना होगा कि अनुशासन ही असली ताक़त है।जिस युवा में अनुशासन और समय का सम्मान है, वही हर अवसर को पकड़कर आगे बढ़ सकता है। आप सभी को चाहिए कि हर कार्य को पूरे समर्पण, टीमवर्क और जिम्मेदारी के साथ करें।याद रखें, नेतृत्व का मौका उन्हीं को मिलता है जो बिना दिखावे के सेवा करते हैं। 

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमा चंद्राकर ने बताया कि एनएसएस युवाओं को जीवन की सच्चाई से परिचित कराता है। छोटी पहल भी बड़ा परिवर्तन ला सकती है। हर कार्य को सीखने और समाज की सेवा का अवसर मानें। आज आप जो छोटे-छोटे कार्य कर रहे हैं, वही कल आपको समाज में बड़े बदलाव के नायक बनाएंगे।एनएसएस का हर कदम आपके व्यक्तित्व को निखार कर आपको आत्मविश्वासी और सशक्त नागरिक बनाता है।

कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों और अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से गाए गए हम होंगे कामयाब’ गीत के साथ हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार से वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक कौसलेश कुमार ध्रुव, डॉ. यशोदा साहू, सुश्री निरूपा साहू, श्रीमती दिव्या देवांगन, डॉ. रमा चंद्राकर, दीपक कश्यप, विनोद कुमार, श्रीमती सुशीला साहू, श्रीमती अनीता साहू, नीरज साहू, सुश्री सुषमा टंडन, सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे 

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज