करो योग रहो निरोग, योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य प्रबल कर तनावमुक्त जीवन जीने का बल देता है – सूरज सिंह परिहार
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धमतरी पुलिस का गरिमापूर्ण आयोजन, स्वस्थ एवं तनावमुक्त पुलिस बल के निर्माण का दिया संदेश
एसपी धमतरी के नेतृत्व एवं उपस्थिति में रक्षित केंद्र धमतरी में आयोजित हुआ भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आज रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या कु. रूची साहू द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान एवं श्वसन संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान योग के वैज्ञानिक, स्वास्थ्यवर्धक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित, ऊर्जावान एवं सकारात्मक बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है l उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में विगत एक वर्ष के दौरान आयोजित यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर तथा सूजय मंडल एवं रूची साहू द्वारा संचालित चौथा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम रहा l
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा -योग में आसन और प्राणायाम का भी योग है। आसन के माध्यम से शरीर और प्राणायाम के माध्यम से आत्मा/मन का भी योग है। शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी योग है । आज जबकि हर तीसरा व्यक्ति अवसाद जैसे मानसिक रोग से ग्रस्त है, योग की महत्ता और प्रासंगिकता दोनों बढ़ जाते हैं। करो योग रहो निरोग की तर्ज़ पर प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को यदि और कुछ संभव ना हो तो प्रतिदिन 15 मिनट अनुलोम विलोम अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, जिले के समस्त थाना प्रभारी, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
“योग अपनाएं – स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता को जीवन में लाएं”