chhattisgarh samay news

एस पी के निर्देश पर अपराधमुक्त समाज की दिशा में सुरक्षा एवं सत्यापन अभियान पर जनप्रतिनिधियों के साथ थाना मगरलोड  में रणनीतिक बैठक 

एस पी के निर्देश पर अपराधमुक्त समाज की दिशा में सुरक्षा एवं सत्यापन अभियान पर जनप्रतिनिधियों के साथ थाना मगरलोड  में रणनीतिक बैठक 

गांव-गांव होगी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर, किरायेदार सत्यापन, होटल-लॉज चेकिंग एवं बाहरी व्यक्तियों की निगरानी के दिए गए स्पष्ट निर्देश

जनता की सतर्कता, पुलिस की तत्परता’- अवैध प्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेतु जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-1905

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं नागरिक सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा होटल-ढाबा, लॉज, धर्मशाला, किरायेदार सत्यापन एवं बाहरी व्यक्तियों की पहचान को लेकर विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण तथा पुलिस और जनता के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना है।

इसी क्रम में कल सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (कुरूद) श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना मगरलोड में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों एवं अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कहा गया कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा प्रतिबद्धता है। जब पुलिस, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं बचता और कानून-व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं मजबूत होती है। इसी सोच के साथ ग्राम एवं वार्ड स्तर पर एक सशक्त सूचना तंत्र विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निवासरत बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की अद्यतन जानकारी रखें, निवास प्रमाण-पत्रों का अभिलेख संधारित करें तथा प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराएं। साथ ही होटल, लॉज, धर्मशाला, राइस मिल, पोल्ट्री फार्म, फैक्ट्री एवं निर्माण कार्यों में कार्यरत बाहरी श्रमिकों एवं कर्मचारियों का भी अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त फेरी वालों, घूमंतू साधुओं, बर्तन अथवा सोना चमकाने वाले व्यक्तियों सहित क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया गया। प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम में ऐसे संवेदनशील स्थानों (क्राइम हॉटस्पॉट) की पहचान कर वहां होने वाली अवैध शराब बिक्री, नशे का कारोबार, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों की जानकारी साझा करने पर भी विशेष बल दिया गया।

बैठक में धमतरी पुलिस द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 की जानकारी देते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से इसे प्रत्येक गांव एवं वार्ड तक पहुंचाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध प्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है। प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनसुरक्षा, नशामुक्ति, अवैध शराब के विरुद्ध अभियान एवं किरायेदार सत्यापन अभियान की सराहना करते हुए पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने एवं पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

धमतरी पुलिस की अपील है की  अपने मकान में रहने वाले प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। होटल, लॉज एवं अन्य संस्थानों में आगंतुकों एवं कर्मचारियों का रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित करें।

 किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी अथवा अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, डायल-112 अथवा निकटतम थाना को दें।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (कुरूद) श्रीमती रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक प्रमोद अमलतास, थाना मगरलोड का पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, कोटवार एवं अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे। सभी ने सुरक्षित, सतर्क एवं अपराधमुक्त धमतरी के निर्माण में धमतरी पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया

Toman lal Sinha
Author: Toman lal Sinha

Editor In Chief

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज