धमतरी यातायात प्रभारी ने पालकों को किया जागरूक नाबालिगों को वाहन देने वाले पालकों को किया जागरूक एसपी धमतरी के निर्देश पर डीएसपी एवं यातायात प्रभारी ने ली बैठक
बच्चों की सुरक्षा, पालकों की भी जिम्मेदारी , नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, धमतरी पुलिस ने पालकों को समझाइश देकर भरवाया अभिभावक घोषणा पत्र
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं नाबालिग वाहन चालकों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर आज डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर एवं यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू द्वारा कोतवाली के पास स्थित संवेदना कक्ष में नाबालिग बच्चों के पालकों की बैठक ली गई। बैठक में पालकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में मोटरसाइकिल अथवा अन्य दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।
नाबालिग द्वारा वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं कानूनी कार्यवाही के संबंध में भी पालकों को जानकारी दी गई।
इस दौरान पालकों से अभिभावक घोषणा पत्र एवं वचन पत्र भरवाया गया, जिसमें उन्होंने अपने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक रखने का संकल्प लिया।
धमतरी पुलिस ने पालकों से अपील की है कि बच्चों को वाहन की चाबी देने से पहले उनकी उम्र और वैध ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता को समझें। एक छोटी सी लापरवाही बच्चे और दूसरों की जान को खतरे में डाल सकती है।
▪️धमतरी पुलिस की अपील – “नाबालिग को वाहन नहीं, सुरक्षित भविष्य दें।”
Author: Toman lal Sinha
Editor In Chief




