धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन हथियार चमकाकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 बालिग गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी धरे गए
मानव वन मोड़ पर युवक को घेरकर लूटे थे 6,000 रुपये और मोबाइल, रुद्री पुलिस ने चंद दिनों में सुलझाया मामला
वारदात में इस्तेमाल चाकू, नकदी, मोबाइल और दोनों दोपहिया वाहन (स्कूटी व बाइक) पुलिस ने किए बरामद
एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई बालिग आरोपियों को भेजा गया जेल, आर्म्स एक्ट के तहत भी बढ़ेगी धाराएं
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत रुद्री पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं वारदात में शामिल 2 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को भी संरक्षण में लिया है।
तालाब मोड़ पर रास्ता रोककर दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खिरकीटोला निवासी प्रार्थी ढालसिंग नेताम (27 वर्ष) ने थाना रुद्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:45 बजे जब वह मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास पहुंचा, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने प्रार्थी को धारदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 6,000 रुपये नगद व एक वीवो (VIVO) कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर रफूचक्कर हो गए थे।मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों से खुला राज, तहसीलदार के सामने हुई शिनाख्त मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) धमतरी के निर्देशन और राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में रुद्री पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने धारा 309(6), 351(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल के बारीकी से निरीक्षण और सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी (तहसीलदार) के समक्ष उनकी विधिवत शिनाख्तगी कराई गई।चाकू और वारदात में इस्तेमाल गाड़ियां जब्त, आर्म्स एक्ट की धाराएं जुड़ीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी नकदी, वीवो मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त स्कूटी व मोटरसाइकिल को गवाहों के सामने जब्त कर लिया है। वारदात में हथियार का इस्तेमाल होने के कारण पुलिस ने मामले में धारा 310(2), 311 BNS और 25, 27 आर्म्स एक्ट की सख्त धाराएं भी जोड़ दी हैं।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (उम्र 23 वर्ष), निवासी दानीटोला साहु पारा, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी।भरत यादव (उम्र 22 वर्ष), निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी।इसके अलावा, गिरोह में शामिल 2 नाबालिगों को नियमानुसार संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। दोनों बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
संदिग्धों की सूचना तुरंत पुलिस को दें
एसपी धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए, तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस को दें। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में लूट, डकैती, और हथियार बाजी करने वाले अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी








