धमतरी पुलिस का जुआरियों पर कड़ा प्रहार: नगरी में काट-पत्ती खेलते 5 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, 15,800 नगद जब्त
• बिजली ऑफिस के पास सार्वजनिक स्थान पर चल रहा था जुए का फड़
• एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में नगरी पुलिस की त्वरित और बड़ी वैधानिक कार्यववाही
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना नगरी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिजली ऑफिस के पास सार्वजनिक स्थान पर रुपयों का दांव लगाकर ‘काट-पत्ती‘ जुआ खेल रहे 5 जुआरियों को रंगे हाथ धर दबोचा।
मौके से नगदी और ताश पत्ती बरामद
नगरी पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजली ऑफिस के पास कुछ लोग सार्वजनिक रूप से जुआ खेलकर माहौल खराब कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की अचानक दबिश से जुआरियों में हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने 15,800 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त:
पुलिस की गिरफ्त में आए जुआरियों में नगरी निवासी निक्कू सोम (32 वर्ष), विरेन्द्र साहू (50 वर्ष), भोला निषाद (29 वर्ष), तीरथ राम रावत (45 वर्ष) और अश्वनी ठाकुर (40 वर्ष) शामिल हैं।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना नगरी पुलिस ने सभी 5 आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 78/2026 के अंतर्गत धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले को आगे की विवेचना में लिया गया है।
धमतरी पुलिस की जनता से अपील
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस की यह सख्त मुहिम लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले जुआ-सट्टा या किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें







