धमतरी पुलिस के 4 आरक्षक चालक बने प्रधान आरक्षक, दीपावली पर मिला पदोन्नति का तोहफा
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – दीपावली के पावन पर्व पर धमतरी पुलिस के चार आरक्षक (चालक) कर्मचारियों को पदोन्नति का एक बड़ा और शानदार उपहार मिला है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर जोन, रायपुर अमरेश कुमार मिश्रा (भा.पु.से.) द्वारा जारी वर्ष 2026 की योग्यता सूची और पदोन्नति आदेश के तहत इन जवानों को प्रधान आरक्षक (चालक) के पद पर प्रमोट किया गया है।
आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) भावना पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेन्द्र पांडेय ने पदोन्नत हुए चारों जवानों के कंधों पर फित्ती लगाकर उनका हौसला और मनोबल बढ़ाया।
इन जवानों को मिली पदोन्नति:
पदोन्नत होने वाले पुलिसकर्मियों में संतोष ठाकुर, संतोष दुबे, छोटे लाल साहू और थान सिंह चंद्राकर शामिल हैं। दीपावली के इस त्यौहार पर पदोन्नति की दोहरी खुशी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने सभी जवानों का मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नति केवल पद नहीं, जिम्मेदारी का प्रतीक: एसपी
इस खास मौके पर जवानों को बधाई देते हुए एसपी भावना पांडेय ने कहा, “पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं है, बल्कि यह आपके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में भी बढ़ोतरी का प्रतीक है। यह आपकी कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और विभाग के प्रति समर्पण का परिणाम है।” उन्होंने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी नई और बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा कर्तव्यपरायणता के साथ करें।
ये अधिकारी रहे मौजूद:
समारोह के दौरान एएसपी शैलेन्द्र पांडेय, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, निरीक्षक (एम) अखिलेश शुक्ला, स्थापना प्रभारी लक्ष्मी ध्रुव, उप निरीक्षक खेमराज साहू, एटीओ सुल्तान हुसैन और प्रधान आरक्षक डिगेश शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत जवानों को बधाई देकर उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं







