कुरुद में पुरानी रंजिश पर चाकूबाजी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/ मगरलोड – धमतरी पुलिस ने गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुरुद इलाके में हुई मारपीट और चाकूबाजी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में कुरुद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव को सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और स्टील का कड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मरौद निवासी प्रार्थी देवाशीष माहिलकर (23 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2026 की रात लगभग 9:00 बजे हाई स्कूल के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव और पप्पू मंडावी ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के, बेल्ट के बक्कल व स्टील के कड़े से प्रार्थी के चेहरे और सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान डिलेश्वर यादव ने बंटची चाकू दिखाकर प्रार्थी को डराया-धमकाया। डॉक्टर द्वारा मुलाहिजा रिपोर्ट में धारदार हथियार से गंभीर चोट (शार्प इंजरी) की पुष्टि किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ीं।
दबिश देकर मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुरुद पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने ग्राम मरौद में दबिश देकर मुख्य आरोपी डिलेश्वर यादव (21 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद गवाहों के समक्ष उसके पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू और कड़ा विधिवत जब्त किया गया।
कुरुद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 366/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 3(5), 118(1) और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में शामिल दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा







