धमतरी में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार, सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी पुलिस ने शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुंडे-बदमाशों के खिलाफ अपना सख्त अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती भावना पांडेय के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब भट्ठी रोड पर धारदार लोहे की तलवार लहराकर आम लोगों को डराने और दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तलवार जब्त कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, रंगे हाथ दबोचा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली का स्टाफ अपराध नियंत्रण और गश्त पेट्रोलिंग पर निकला हुआ था। इसी दौरान इतवारी बाजार के पास मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि मैला गड्ढा, महिमा सागर वार्ड शराब भट्ठी रोड पर एक व्यक्ति हाथ में नंगी तलवार लेकर लहरा रहा है। वह राहगीरों को डरा-धमका कर दौड़ा रहा है, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों को साथ लिया और मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी से घेराबंदी की। पुलिस ने तलवार लहरा रहे संदिग्ध को मौके पर ही धर दबोचा।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हेमंत सिंह राजपूत उर्फ बिट्टू (32 वर्ष), निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, धमतरी बताया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपी के पास से लोहे की धारदार तलवार विधिवत जब्त की। हथियार रखने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश न कर पाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी हेमंत सिंह राजपूत को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि शहर का माहौल खराब करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा







