धमतरी पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’ प्रहार: श्यामतराई नाका पर नाकेबंदी कर 65.83 लाख का गांजा व दो कारें जब्त, महाराष्ट्र के 5 अंतर्राज्यीय तस्कर दबोचे गए

SHARE:

धमतरी पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’ प्रहार: श्यामतराई नाका पर नाकेबंदी कर 65.83 लाख का गांजा व दो कारें जब्त, महाराष्ट्र के 5 अंतर्राज्यीय तस्कर दबोचे गए

• सायबर थाना और थाना अर्जुनी की संयुक्त टीम ने बिछाया जाल, कुल 72.45 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद

• उड़ीसा के जयपुर से चारामा के रास्ते महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी 131.668 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप

टोमन लाल सिन्हा 

धमतरी/मगरलोड – जिले में नशे के अवैध कारोबार और अंतर्राज्यीय तस्करी की कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सायबर थाना और थाना अर्जुनी की संयुक्त टीम ने श्यामतराई नाका पर सटीक घेराबंदी करते हुए महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 131.668 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त दो कारें और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 72,45,400 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर श्यामतराई नाका में बिछाया जाल

एसपी श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर दो वाहनों—टाटा नैनो (CG 07 MA 4067) और स्विफ्ट डिजायर (MH 04 GD 7906)—में सवार होकर कुछ तस्कर भारी मात्रा में गांजे का परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सायबर और अर्जुनी पुलिस की संयुक्त टीम हरकत में आई और श्यामतराई नाका पर नाकेबंदी कर दोनों संदिग्ध कारों को रोक लिया।

बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे 65 लाख से अधिक का गांजा

तलाशी लेने पर दोनों कारों में खाद की बोरियों के अंदर छिपाकर रखा गया 131.668 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 65,83,400 रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल हो रही स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत 5 लाख रुपये), टाटा नैनो कार (कीमत 50 हजार रुपये) और 1,12,000 रुपये कीमत के 5 मोबाइल फोन भी मौके पर विधिवत जब्त किए गए।

गिरफ्तार किए गए महाराष्ट्र के सभी 5 आरोपी

पुलिस की गिरफ्त में आए सभी आरोपी महाराष्ट्र राज्य के निवासी हैं, जिनमें शामिल हैं:

1. कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27 वर्ष), निवासी मलकापुर वागुढ़, जिला बुलढाना (महाराष्ट्र)।

2. रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31 वर्ष), निवासी संभाजीनगर हाईवे रोड, जलगांव (महाराष्ट्र)।

3. राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32 वर्ष), निवासी वेललाडे, जलगांव (महाराष्ट्र)।

4. लखन गुलाब बेलदार (34 वर्ष), निवासी वेललाडे, जलगांव (महाराष्ट्र)।

5. गणेश विजय पाटिल (29 वर्ष), निवासी वेललाडे, जलगांव (महाराष्ट्र)।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, नेटवर्क की जांच तेज

धमतरी पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि उड़ीसा में यह खेप किसने सप्लाई की थी और महाराष्ट्र में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए इस पूरे अंतर्राज्यीय सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरों को भी जल्द बेनकाब कर सख्त कार्रवाई की जाएगी

trfgcvkj.blkjhgfd
3
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें