धमतरी पुलिस का एक्शन: ‘रॉकेट’ लिखी बिना नंबर की बाइक पर दहशत फैलाने वाले दो मनचले गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – क्षेत्र की शांत फिजा में जहर घोलने और आम लोगों में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर धमतरी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। बिना नंबर की बाइक पर ‘रॉकेट’ लिखवाकर सड़कों पर तेज रफ्तार से आतंक मचाने वाले दो युवकों को कुरूद पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
छेड़छाड़ और लूटपाट की आशंका से सहमे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार, थाना कुरूद क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दो युवक एक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर ‘रॉकेट’ लिखवाकर बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से घूम रहे थे। युवकों की संदिग्ध गतिविधियों के चलते स्थानीय नागरिकों में छेड़छाड़, मारपीट और लूटपाट जैसी गंभीर वारदातों की आशंका बनी हुई थी, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल था।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी और सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशों के तहत असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे ही कुरूद पुलिस को इन संदिग्ध युवकों की सूचना मिली, टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को बाइक समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस (BNSS) की धारा 126 और 135(3) के तहत सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. मंगल सोनवानी (उम्र 21 वर्ष), पिता बृज कुमार सोनवानी, निवासी भरदा चौक, कुरूद।
2. पुष्पेंद्र चांदी (उम्र 19 वर्ष), पिता स्व. गांधी रामचंद्र, निवासी पैरसट्ठी, करेली बड़ी, थाना मगरलोड।
पुलिस की आमजन से अपील
इस कार्रवाई के साथ ही धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व नजर आएं, तो बिना डरे तत्काल पुलिस को सूचना दें।







