हर-हर महादेव के जयघोष के साथ सोमनाथ धाम के लिए 48 तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना
जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना; बुजुर्गों के चेहरों पर दिखी आस्था और खुशी की चमक
टोमन लाल सिन्हा
मगरलोड /धमतरी – राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के तहत मंगलवार को जनपद पंचायत मगरलोड क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों से चयनित 48 वरिष्ठ नागरिक गुजरात स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए रवाना हुए। यात्रियों की सुविधा एवं देखरेख के लिए जनपद पंचायत के 02 अनुरक्षकों (एस्कॉर्ट) को भी साथ भेजा गया है।
जनपद पंचायत परिसर में आयोजित विदाई समारोह के दौरान जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू ने बस को हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के जत्थे को रवाना किया। जैसे ही बस रवाना हुई, पूरा परिसर हर-हर महादेव और जय सोमनाथ के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों के चेहरों पर वर्षों पुरानी धार्मिक इच्छा पूरी होने का उत्साह और गजब की प्रसन्नता साफ झलक रही थी।
आस्था और संस्कृति का सम्मान है यह योजना – विरेन्द्र साहू
तीर्थयात्रियों को तिलक लगाकर एवं सुरक्षित, सुखद व मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ देते हुए जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि तीर्थयात्रा भारतीय संस्कृति, अटूट आस्था और आध्यात्मिक चेतना की संवाहक है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक भावनाओं के प्रति सरकार के सच्चे सम्मान का प्रतीक है। आर्थिक या पारिवारिक कारणों से जो बुजुर्ग स्वयं तीर्थयात्रा करने में असमर्थ थे, आज यह जनकल्याणकारी योजना उनके जीवन में आध्यात्मिक आनंद और सुखद स्मृतियां जोड़ने का पुण्य कार्य कर रही है।”
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
जनपद पंचायत मगरलोड परिवार की ओर से भी सभी यात्रियों के मंगलमय सफर की कामना की गई। इस पावन अवसर पर प्रमुख रूप से टीकम साहू, किशन साहू, पंचायत इंस्पेक्टर वेदराम सिन्हा, गोवर्धन साहू एवं दुष्यन्त पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं यात्रियों के परिजन उपस्थित रहे।







