धमतरी पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्यवाही‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महिला सहित 2 तस्कर गिरफ्तार, 19.5 लीटर शराब जब्त
SHARE:
धमतरी पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्यवाही‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महिला सहित 2 तस्कर गिरफ्तार, 19.5 लीटर शराब जब्त
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड –जिले में नशे के अवैध कारोबार और क्रय-विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक (SP) के सख्त निर्देश पर थाना केरेगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में एक महिला सहित दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में की गई इस छापामार कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 19.5 लीटर अवैध शराब और 550 रुपये नगद बिक्री रकम सहित कुल 2,500 रुपये का जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, केरेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग गांवों में यह कानूनी कार्यवाही की गई:
पहला मामला: राजीव नगर फुटहामुड़ा (माकरदोना) केरेगांव पुलिस की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर राजीव नगर फुटहामुड़ा में दबिश दी। मौके पर रमुला बाई कमार (उम्र 32 वर्ष, पति स्व. रंजीत कमार) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। महिला के कब्जे से 3.500 लीटर शराब (कीमत करीब 350 रुपये) और 200 रुपये नगद बिक्री रकम जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की है।
दूसरा मामला: बांसपारा कुकरेल इसी तरह पुलिस की दूसरी टीम ने ग्राम बांसपारा कुकरेल में एक संदेही के घर की बाड़ी में दबिश दी। वहां चंदर कमार (उम्र 26 वर्ष, पिता कृपाराम कमार) को अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री करते हुए दबोचा गया। आरोपी के कब्जे से 16 लीटर अवैध महुआ शराब (कीमत करीब 1,600 रुपये) और 350 रुपये नगद बिक्री रकम, कुल 1,950 रुपये की जब्ती की गई। इस प्रकरण में आरोपी युवक के खिलाफ अपराध क्रमांक 23/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज किया गया है।
धमतरी पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत दोनों ही मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कड़ी विवेचना और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती से निरंतर जारी रहेगा