सार्वजनिक स्थलों पर सुट्टा मारने वालों पर धमतरी पुलिस का ‘हंटर’: कोटपा एक्ट के तहत 67 पर गिरी गाज, 13,400 रुपये जुर्माना वसूला
• एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष चेकिंग अभियान
• कोतवाली और नगरी थाना क्षेत्र में हुई सबसे ज्यादा कार्रवाई, 10-10 प्रकरण दर्ज
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – जिले में नशामुक्त वातावरण तैयार करने और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में बुधवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने और तंबाकू नियंत्रण नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 67 प्रकरण दर्ज किए गए और 13,400 रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ बाजारों, पान ठेलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर दबिश दी। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान करने वालों और नियम विरुद्ध तंबाकू बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
कोतवाली और नगरी में सबसे अधिक चालान
जिले के 11 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा 10-10 प्रकरण थाना कोतवाली और थाना नगरी में दर्ज किए गए, जहां से 2-2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा भखारा में 08 प्रकरण (1,600 रुपये), अर्जुनी में 07 प्रकरण (1,400 रुपये), मगरलोड में 07 प्रकरण (1,400 रुपये), चौकी बिरेझर में 07 प्रकरण (1,400 रुपये), रुद्री में 06 प्रकरण (1,200 रुपये), कुरुद में 04 प्रकरण (800 रुपये), सिहावा में 04 प्रकरण (800 रुपये), केरेगांव में 03 प्रकरण (600 रुपये) तथा बोराई में 01 प्रकरण (200 रुपये) दर्ज कर चालानी कार्रवाई की गई।
दुकानदारों और नागरिकों को सख्त चेतावनी
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान न करें, क्योंकि इससे वहां मौजूद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और नाबालिगों को किसी भी हाल में तंबाकू उत्पाद न बेचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा







