स्टेडियम के पास ‘मौत का सामान’ चिट्टा बेच रहा था सुंदरगंज का विवेक, पुलिस की पैनी नजर ने दबोचा
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले सौदागरों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक की है। खेल के मैदान में जहां युवा अपना भविष्य बनाने आते हैं, वहीं एक तस्कर मौत का सामान ‘चिट्टा’ बेचने के लिए ग्राहकों का जाल बिछा रहा था। लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, सिटी कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 71 हजार से अधिक का सामान जब्त किया है।
पुलिस कप्तान के सख्त तेवर, एक्शन में कोतवाली टीम
जिले में पदभार संभालते ही पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने साफ कर दिया था कि नशे के सौदागरों के लिए धमतरी में कोई जगह नहीं है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि एकलव्य खेल मैदान स्टेडियम के पास एक शातिर तस्कर ग्राहक की फिराक में मंडरा रहा है। सूचना मिलते ही पी.एस.आई. संदीप अनंत व उनकी टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और संदेही को दबोच लिया।
चिट्टे के साथ सुंदरगंज वार्ड का विवेक गिरफ्तार
पकड़े गए संदेही की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। उसके पास से 3.08 ग्राम घातक मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 61,600 रुपये है। पुलिस ने आरोपी विवेक नरसिंग दानी (33 वर्ष, निवासी सुंदरगंज वार्ड) को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिससे नशे के नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
अपराध क्रमांक 228/2026: भेजा गया जेल
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध दर्ज कर उसे सीधे जेल का रास्ता दिखा दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि विवेक यह नशा कहां से लाता था और धमतरी में उसके तार किन-किन सफेदपोशों या पैडलर्स से जुड़े हैं।
सजग रहें नागरिक, पुलिस को दें सूचना
धमतरी पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई भी व्यक्ति नशे का कारोबार करता या संदिग्ध नजर आता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा ताकि शहर को नशामुक्त बनाया जा सके।







