7 माह बाद भी अनसुलझी पहेली, भंडारवाड़ी के जंगल में मिले अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने जारी की अपील
16 अप्रैल को दुगली थाना क्षेत्र के सागौन प्लाट में मिला था शव; काला-सफेद लाइनिंग शर्ट और अधपके बाल बने पहचान का आधार
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंडारवाड़ी के जंगल में मिले एक अज्ञात पुरुष के शव की पहचान के लिए धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। घटना के करीब सात माह बीत जाने और पुलिस के काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अब पुलिस ने मृतक का हुलिया और पहनावा सार्वजनिक करते हुए आमजन से गुहार लगाई है, ताकि एक साझा प्रयास से बिछड़े व्यक्ति की सूचना उसके परिजनों तक पहुंचाई जा सके।
सागौन प्लाट में संदिग्ध अवस्था में मिला था शव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम भंडारवाड़ी स्थित जंगल के सागौन प्लाट में करीब 40 से 45 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया गया था। पुलिस टीम द्वारा आसपास के गांवों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार पतासाजी की गई, लेकिन अब तक मृतक के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
मृतक का हुलिया एवं पहनावा
शिनाख्त सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा जारी किए गए विवरण के अनुसार मृतक की शारीरिक बनावट और पहनावा इस प्रकार है:
• उम्र एवं कद: लगभग 40 से 45 वर्ष, ऊंचाई करीब 5 फीट 3 इंच।
• शारीरिक बनावट: दुबला-पतला शरीर, रंग सांवला और सिर पर अधपके बाल।
• चेहरे की पहचान: लंबा चेहरा, जिसके दांत बाहर की ओर दिखाई देते हैं।
• पहनावा: शरीर पर काले और सफेद रंग की लाइनिंग वाली शर्ट एवं काले रंग का अंडरवियर (चड्ढी)।
पुलिस की आमजन और सामाजिक संगठनों से अपील
धमतरी पुलिस ने जिले के नागरिकों, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे जारी किए गए हुलिए और पहनावे के विवरण को ध्यानपूर्वक देखें। पुलिस का मानना है कि यह व्यक्ति किसी परिवार का सदस्य, पिता या भाई हो सकता है, जिसकी तलाश उसके परिजन कर रहे होंगे। आमजन से इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की गई है।
यहां दें सूचना
मृतक के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी होने या पहचान होने पर नागरिक तत्काल नीचे दिए गए पुलिस के संपर्क नंबरों पर सूचित कर सकते हैं:
• थाना प्रभारी, दुगली: 94791-91327
• पुलिस कंट्रोल रूम, धमतरी (मोबाइल): 94791-92299
• पुलिस कंट्रोल रूम (लैंडलाइन): 07722-231344






