धमतरी पुलिस का दोहरा प्रहार, त्योहार से ठीक पहले अवैध शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, महिला समेत 2 गिरफ्तार

SHARE:

धमतरी पुलिस का दोहरा प्रहार, त्योहार से ठीक पहले अवैध शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, महिला समेत 2 गिरफ्तार

टोमन लाल सिन्हा 
धमतरी/मगरलोडआगामी त्योहारी सीजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए धमतरी पुलिस ने अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त तेवरों और कुशल निर्देशन में सिटी कोतवाली एवं भखारा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में समानांतर छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार पर दोहरा प्रहार किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 159 पौवा अवैध देशी शराब जब्त कर एक महिला तस्कर सहित दो आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा है। जब्त शराब  की कुल कीमत 13,760 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस का ‘मास्टरस्ट्रोक’: सादे कपड़ों में पॉइंटर भेजकर नयापारा में महिला तस्कर दबोची
सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से पुख्ता इनपुट मिला था कि नयापारा में एक महिला अपने घर के पीछे छिपकर बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री कर रही है। सूचना की प्रामाणिकता जांचने के लिए कोतवाली पुलिस ने एक अनूठा जाल बुना। पुलिस टीम ने एक आरक्षक को सादे कपड़ों में 200 रुपये का नोट देकर ‘पॉइंटर’ (डमी ग्राहक) बनाकर भेजा। जैसे ही महिला ने आरक्षक को शराब की बोतल थमाई, आस-पास मुस्तैद महिला पुलिस बल और टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महिला चित्ररेखा मानिकपुरी (उम्र 38 वर्ष), पति मन्नूदास मानिकपुरी (निवासी: गार्डन चौक गोकुलपुर वार्ड धमतरी, हाल मुकाम: शीतला मंदिर गली नयापारा, महात्मा गांधी वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी) को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 17 पौवा देशी प्लेन और 32 पौवा देशी मसाला (रोमियो) समेत कुल 49 पौवा शराब और बिक्री की रकम जब्त की गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/2026 दर्ज किया है।
भखारा पुलिस की घेराबंदी: शराब भट्टी के पास 110 पौवा के साथ तस्कर 
दूसरी तरफ, अवैध शराब के खिलाफ भखारा पुलिस को भी बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस को सूचना मिली थी कि देशी शराब भट्टी के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब खपाने की फिराक में किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। भखारा पुलिस ने तत्काल फुर्ती दिखाते हुए मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी प्रकाश साहू (उम्र 45 वर्ष), पिता नारद राम साहू (निवासी: वार्ड क्रमांक 08, भखारा, थाना भखारा, जिला धमतरी) को दबोच लिया। आरोपी के पास मौजूद बोरे से पुलिस ने 110 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 8,800 रुपये है। भखारा पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज कर कार्रवाई की है।
जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी, आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में केस दर्ज
धमतरी पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई में कुल 28.6 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत वैधानिक केस दर्ज किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर सीधे जेल भेज दिया गया है।

नशे के कारोबारियों को एसपी का सख्त संदेश
“जिले में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या किसी भी तरह के नशे के काले कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहारी सीजन के मद्देनजर पुलिस की गश्त, चेकिंग और मुखबिर तंत्र को और अधिक मजबूत किया गया है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ धमतरी पुलिस की यह सख्त मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।”
– भावना पांडेय, पुलिस अधीक्षक, धमतरी


trfgcvkj.blkjhgfd
2
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें