नशामुक्त एवं टीबी मुक्त युवा से विकसित भारत का संदेश लेकर ग्राम छोटी करेली में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम छोटी करेली में 23 से 29 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साह और सेवाभाव के साथ हुआ। “नशामुक्त एवं टीबी मुक्त युवा, नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर आधारित इस शिविर का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वास्थ्य, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है।
राष्ट्र केवल सीमाएं नहीं, बल्कि नागरिकों और एकता से बनता है: शुकलाल प्रजापति
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम के वरिष्ठ नागरिक शुकलाल प्रजापति ने एनएसएस के आदर्श वाक्य “मैं नहीं, बल्कि आप” का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों, संस्कृति, एकता और सामूहिक जिम्मेदारी से निर्मित होता है। सेवा का वास्तविक अर्थ निस्वार्थ भाव से समाज की समस्याओं के समाधान में सहभागी बनना है।
ग्राम विकास व स्वच्छता में युवाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता प्रदान करती है, और जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। विशिष्ट अतिथि सरपंच डॉ. परमेश्वर साहू व ग्रामीण साहू समाज अध्यक्ष लखन साहू ने ग्राम विकास, स्वच्छता और जनहितकारी कार्यों में युवाओं की सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
नशामुक्ति व स्वच्छता रैली से दिया जागरूकता का संदेश
उद्बोधन के पश्चात अतिथियों और स्वयंसेवकों ने ग्राम की गलियों में जागरूकता रैली निकाली और प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों व स्वच्छता के प्रति सजग किया। शिविर के 65 स्वयंसेवकों को सुचारू संचालन हेतु स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, शिवाजी एवं भगत सिंह नामक पांच दलों में बांटा गया है। शिविर नायक भेशराम साहू एवं नायिका हुमेश्वरी को बनाया गया है।
समारोह का संचालन सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुशीला साहू व आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमा चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर उपसरपंच एम.आर. सर, डॉ. बिनोद कुमार, दानेश्वर प्रसाद, सीनियर स्वयंसेवक खूबचंद साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।






