रायपुर के भनपुरी चौक से मगरलोड पुलिस ने दबोचा बाइक चोर, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर भेजा जेल
टोमन लाल सिन्हा
मगरलोड (धमतरी) – पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने रायपुर की खमतराई पुलिस के साथ बेहतरीन समन्वय दिखाते हुए बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल को रायपुर से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शराब दुकान के बाहर से उड़ाई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, ग्राम भरदा निवासी जालम सिंह साहू ने मगरलोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर 2026 की शाम वे अपनी हीरो पैशन प्रो बाइक (क्रमांक CG 04 KE 1483) से ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान गए थे। दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी बाइक कुछ देर बाद गायब मिली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर तलाश शुरू की।
भनपुरी चौक में ग्राहक तलाशते पकड़ा गया
विवेचना के दौरान 24 नवंबर को रायपुर की खमतराई थाना पुलिस से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी की उक्त बाइक को बेचने के लिए भनपुरी चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को बाइक सहित पकड़ लिया, जिसके बाद मगरलोड पुलिस की टीम ने रायपुर पहुंचकर आरोपी और बाइक को अपनी अभिरक्षा में लिया।
पहचान छिपाने के लिए तोड़ा था वाइजर और टंकी
पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे (निवासी फोकटपारा, फाफाडीह चौक, रायपुर) ने बताया कि वह 10 नवंबर को बस से मगरलोड आया था और शराब दुकान के बाहर खड़ी बाइक में अपनी जेब में रखी चाबी लगाई, जिससे गाड़ी स्टार्ट हो गई। चोरी के बाद वह बाइक लेकर रायपुर भाग गया और पहचान छिपाने के लिए बाइक का अगला वाइजर व टंकी क्षतिग्रस्त कर दी थी। पुलिस ने करीब 15 हजार रुपये कीमत की बाइक जब्त कर 25 नवंबर को आरोपी को कुरुद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया






