नशे के सौदागरों पर एसपी का चाबुक
कुरुद में दो ठिकानों पर दबिश, 100-100 में नशीली दवा बेचने वाले 3 शातिर भेजे गए जेल
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – नशे की काली कमाई से युवाओं की नस-नस में जहर घोलने वाले सौदागरों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है।
धमतरी/मगरलोड – नशे की काली कमाई से युवाओं की नस-नस में जहर घोलने वाले सौदागरों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती भावना पांडेय
के सख्त तेवरों और कड़े निर्देश के बाद कुरुद पुलिस ने दो अलग-अलग इलाकों में सोची-समझी सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलिस ने ओवरब्रिज के पास जाल बिछाकर नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले 3 शातिर आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है। तस्करों के पास से 988 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सीधे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पहली दबिश: उमरदा ओवरब्रिज के पास रंगे हाथों धराए दो तस्कर
कुरुद पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम उमरदा विशाखापटनम ओवरब्रिज के पास कुछ युवक नशीली कैप्सूल की बड़ी खेप लेकर ग्राहकों की तलाश में खड़े हैं। सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस की स्पेशल टीम ने तत्काल मौके पर जाकर चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से कार्तिक कोसिरिया (22 वर्ष, निवासी गांधी चौक कुरुद) और पंकज पटेल (25 वर्ष, निवासी उमरदा) को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से 613 नग नशीले कैप्सूल, 1,050 नगद और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए। थाना कुरुद में दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 315/26, धारा 22(क), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी दबिश: भरदा ओवरब्रिज के नीचे चाय दुकान से पकड़ाया तीसरा आरोपी
कुरुद पुलिस ने ठीक इसी तरह अपनी दूसरी बड़ी कार्रवाई ग्राम भरदा ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक चाय दुकान के पास की। पुलिस ने यहाँ अचानक छापा मारकर गुलशन साहू (25 वर्ष, निवासी ग्राम भरदा) को अवैध रूप से नशीली दवाएं बेचते हुए दबोचा। इसके कब्जे से 375 नग नशीले कैप्सूल, 1,000 नगद और 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया। कुरुद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 316/26, धारा 22(ख), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
100 में बिकता था एक कैप्सूल, पुलिस ने जब्त किया कुल 27,243 का माल
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 988 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, 2,050 नगद और 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जब्त की गई सामग्री का कुल सरकारी मूल्यांकन 27,243 है। हालांकि, पुलिस पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये आरोपी नशे के आदी युवाओं और भोले-भाले ग्राहकों को 100 प्रति नग के हिसाब से कैप्सूल बेचते थे। इस लिहाज से जब्त कैप्सूलों की वास्तविक बाजार कीमत 98,800 (अट्ठानवे हजार आठ सौ रुपये) है।
कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी भेजे गए जेल, एसपी की सख्त चेतावनी
कुरुद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस बड़ी सफलता पर धमतरी पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध नशे, मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आस-पास होने वाली ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि धमतरी को पूरी तरह नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।







