गौ-तस्करी पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार ओडिशा कत्लखाने ले जाए जा रहे 14 मवेशी मुक्त, तस्कर गिरफ्तार
• थाना बोराई पुलिस की त्वरित मुस्तैदी से नाकाम हुई अवैध तस्करी की साजिश
• मुखबिर की सूचना पर मोतिमडीह-लिखमा मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
• पशु क्रूरता और कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – धमतरी जिले में गौवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस अधीक्षक धमतरी के कड़े तेवरों के बाद बोराई पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्रूरतापूर्वक ओडिशा के कत्लखाने हांककर ले जाए जा रहे 14 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कत्लखाने ले जाने की फिराक में था आरोपी
थाना बोराई पुलिस को दिनांक 10 अक्टूबर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम मोतिमडीह-लिखमा मुख्य मार्ग से भारी संख्या में मवेशियों को अवैध रूप से सीमा पार ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को मवेशियों के साथ हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अमरचंद नेताम (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम आमगांव (आमानारा), थाना बोराई के रूप में हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए नवरंगपुर (ओडिशा) स्थित कत्लखाने ले जा रहा था। परिवहन और खरीदी-बिक्री के संबंध में आरोपी पुलिस के समक्ष कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
50 हजार के मवेशी जब्त, सुरक्षित गौशाला भेजे गए
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 गाय, 02 बैल और 01 बछिया सहित कुल 14 मवेशी जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी पशुओं का पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित रख-रखाव के लिए पंडरीपानी स्थित गौशाला को सौंप दिया गया।
सख्त धाराओं में केस दर्ज
थाना बोराई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 18/2026 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की जनता से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता एक गंभीर कानूनन अपराध है। यदि आसपास ऐसी कोई भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।







