तेंदुए के हमले में घायल ग्रामीणों का हाल चाल एवं जंगली कंद खाने से बेहोश हुईं महिलाओं की भी सुध जानने अस्पताल पहुंचीं विधायक अंबिका मरकाम

टोमन लाल सिन्हा
धमतरी /मगरलोड – बोराई क्षेत्र के कारीपानी स्थित आमा नाला में विगत दिनों तेंदुए के हमले से घायल हुए ग्रामीणों का हालचाल जानने सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम अचानक शासकीय अस्पताल नगरी पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ने तत्परता दिखाई और सीधे अस्पताल पहुंचकर घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के समुचित उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं विधायक
विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने अस्पताल के बेड पर जाकर घायलों से सीधी बातचीत की और घटना के संबंध में जानकारी ली। वनांचल क्षेत्र में तेंदुए के हमले की इस गंभीर घटना को देखते हुए उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और चल रहे इलाज की विस्तृत जानकारी मांगी। विधायक ने दो टूक शब्दों में अस्पताल प्रबंधन से कहा, “घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को समय पर सभी जरूरी और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलना सुनिश्चित किया जाए।” उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा भी दिलाया।
जंगली कंद खाने से बेहोश हुईं महिलाओं की भी जानी सुध
अस्पताल प्रवास के दौरान विधायक मरकाम ने नवागांव की उन तीन महिलाओं से भी मुलाकात की, जो जंगल में कंद-मूल की सही पहचान न होने के कारण जहरीला कंद खाने से बेहोश हो गई थीं। विधायक ने महिलाओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए डॉक्टरों को उनकी गहन निगरानी करने को कहा। इस घटना को लेकर उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जंगल से मिलने वाले खाद्य उत्पादों की पूरी पहचान के बाद ही उनका सेवन करें, ताकि अनजाने में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दौरे के दौरान ये रहे उपस्थित
विधायक के इस संवेदनशील दौरे के दौरान उनके साथ सिहावा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सलाहकार भरत निर्मलकर, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव मयंक ध्रुव, सेवादल अध्यक्ष अय्यूब खान, युवा कांग्रेस नेता दिनेश यादव तथा युवा आदिवासी नेता रवि नेताम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ितों का मनोबल बढ़ाया







