मुनगा केवल बाड़ी की शोभा न रहे, बल्कि हर परिवार की ‘पोषण थाली’ का हिस्सा बने – कविता यादव
आँगन मिलन कार्यक्रम में गूंजा “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” का संदेश, मुख्य अतिथि कविता यादव ने मुनगा को बताया पोषण का प्राकृतिक स्रोत
टोमन लाल सिन्हा
मगरलोड/धमतरी – नगर पंचायत मगरलोड के वार्ड क्रमांक 14 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आँगन मिलन कार्यक्रम’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा (धमतरी) की जिला महामंत्री श्रीमती कविता यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान वार्ड की महिलाओं, माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य तथा बेहतर पोषण से जुड़े विभिन्न गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी अभियान “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” को लेकर जन-जागरूकता फैलाई गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध मुनगा (सहजन) के पौधे को हर घर तक पहुंचाना और इसे परिवारों के दैनिक आहार का अनिवार्य हिस्सा बनाना है।
मुनगा केवल पौधा नहीं, सुपोषित जीवन का आधार है कविता यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती कविता यादव ने कहा कि “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” केवल एक पौधरोपण अभियान नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ परिवार और सुपोषित समाज के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का एक क्रांतिकारी प्रयास है। उन्होंने कहा, “मुनगा की पत्तियां, फूल और फलियां औषधीय व पोषक तत्वों का खजाना हैं। बच्चों, किशोरियों और माताओं में कुपोषण को दूर करने के लिए भोजन में विविधता और मुनगा जैसे स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना बेहद जरूरी है।”
श्रीमती यादव ने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार अपनी बाड़ी या घर के आसपास मुनगा का पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे। उन्होंने यह भी जोर दिया कि मुनगा केवल बाड़ी की शोभा न रहे, बल्कि हर परिवार की ‘पोषण थाली’ का हिस्सा बने, तभी इस अभियान की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी।
आंगनबाड़ी कर्मियों का हुआ सम्मान, लिया कुपोषण मिटाने का संकल्प
मुख्य अतिथि कविता यादव द्वारा समाज सेवा और पोषण प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को श्रीफल व गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया, साथ ही उपस्थित बच्चों का मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों और महिलाओं ने इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और क्षेत्र को कुपोषण मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व पार्षद श्रीमती झमित सिन्हा, पार्षद श्रीमती बिराजो साहू, सुपरवाइजर सुनीता सोनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंपा निषाद, दीपिका नाग, कृष्णी कोसले, सुशीला साहू, जमुना साहू, सहायिका दीपिका जैन, तामेश्वरी बिन्झेकर, महेश्वरी निषाद, मितानिन दिनेश्वरी साहू, अन्नपूर्णा सोनी सहित बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं, माताएं, बच्चे एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।








