धमतरी पुलिस की बड़ी कामयाबी, पायलीखंड खदान से चोरी के 146 हीरों के साथ अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार, 10 लाख से अधिक का माल जब्त
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – जिला पुलिस ने अवैध खनिज संपदा की तस्करी और चोरी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। धमतरी के साइबर थाने और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर हीरा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य असली हीरे बरामद किए गए हैं, जिनका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम और कुल अनुमानित बाजार मूल्य 10,15,200 रुपये आंका गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती भावना पांडेय के कड़े निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए यह प्रभावी कार्यवाही की गई है।
NH-30 पर कोड़ापार नहर के पास बिछाया जाल
पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-30 (NH-30) मुख्य मार्ग पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में कीमती हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही चौकी बिरेझर (थाना कुरूद) और साइबर सेल की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर पहुंचकर रणनीतिक घेराबंदी की और संदिग्ध को अपनी हिरासत में ले लिया।
बलौदाबाजार का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में बताई। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक पॉलिथीन बैग मिला। इसके भीतर नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में बेहद सावधानी से लपेटकर रखे गए 146 नग सफेद, अत्यधिक चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य रत्न (हीरे) बरामद किए गए।
2018 में पयलीखंड खदान से उड़ाए थे हीरे
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी विनोद अग्रवाल ने सनसनीखेज खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि जब्त किए गए सभी हीरों को उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पयलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी किया था। वह लंबे समय से इन्हें ठिकाने लगाने की फिराक में था और आखिरकार इन्हें बेचने के लिए धमतरी जिले में ग्राहक तलाश रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मोबाइल और नकदी सहित कुल 10.15 लाख की जब्ती
पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं • 146 नग कीमती हीरे: कुल वजन 16.17 ग्राम, शुद्ध वजन 13.49 ग्राम (अनुमानित कीमत 10,05,000)।• स्मार्टफोन: दो एक्टिव सिम कार्ड के साथ एक सैमसंग Galaxy S21 FE 5G मोबाइल (कीमत 8,000)।• नकदी रकम 2,200 नगद।• कुल जब्ती 10,15,200 (दस लाख पंद्रह हजार दो सौ रुपये)।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी विनोद अग्रवाल के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय, कुरूद के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
धमतरी पुलिस की अपील
इस बड़ी सफलता के बाद धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनिज उत्खनन, चोरी, तस्करी या संदिग्ध खरीद-फरोख्त की जानकारी तत्काल पुलिस को साझा करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी







