धमतरी पुलिस का एक्शन 30 पौवा अवैध शराब के साथ दुजराम गिरफ्तार, स्कूटी भी जब्त
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – जिले में नशे के अवैध कारोबार और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन पर सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने लाल बगीचा दुकान चौक के पास घेराबंदी कर एक स्कूटी सवार को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर लाल बगीचा चौक पर घेराबंदी
पुलिस जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि लाल बगीचा क्षेत्र में स्कूटी से अवैध शराब की ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लाल बगीचा दुकान चौक के पास तत्काल नाकेबंदी की और आने-जाने वाले संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक स्कूटी सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया। पुलिस ने उसे रोककर जब तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई।
आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल
कोतवाली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम दुजराम यादव (पिता सुरेश यादव, उम्र 50 वर्ष) है, जो स्थानीय लाल बगीचा वार्ड, धमतरी का ही रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,300 कीमत की 30 पौवा देशी मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त 80,000 मूल्य की स्कूटी समेत कुल 83,300 का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी दुजराम यादव के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।








