यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में नाटक के माध्यम से दिया गया सेवा संकल्प का संदेश
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश लेकर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक
टोमन लाल सिन्हा
धमतरी/मगरलोड – छत्तीसगढ़ शासन जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ (नुक्कड़ नाटक) कार्यक्रम का आयोजन यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय, मगरलोड, जिला-धमतरी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अविनाश एवं सुश्री धारिणी (अज़ीज़ प्रेम जी फाउंडेशन) उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक पहलों की जानकारी आमजन तक पहुँचाना तथा नागरिकों में जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार एवं प्रस्तुत किए गए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल, सहज एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय, संवाद एवं संदेश के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, पात्रतानुसार उनका लाभ लेने तथा समाज के विकास में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने एवं अन्य लोकहितकारी योजनाओं से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास एवं कल्याण का लाभ पहुँचाना है।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, एवं कर्मचारियों ने नुक्कड़ नाटक को उत्साहपूर्वक देखा। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमुदाय का ध्यान आकर्षित किया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से पहुँचाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जनजागरूकता का अत्यंत प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों द्वारा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने का यह प्रयास सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं नागरिक चेतना का विकास करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के एन.एस.एस. के स्वयं सेवक युवराज, ओमिन, ज्योति, कैलाश, संदीप, नरगिस, थमेश, सिलोचना, सिद्धि, रिद्धि, हूमेश्वरी, डुमेश्वरी, तारेंद्र, ओजेश्वर, खुमेश्वर एवं अन्य विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ‘सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत’ की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ गण मौजूद रहे।








